ईएसआईसी पखवाड़े के तहत जयपुर क्षेत्रीय कार्यालय में स्वच्छता अभियान आयोजित
- Feb 25, 2026
- 83 views
जयपुर, 25 फरवरी 2026(न्याय स्तंभ)। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) द्वारा 24 फरवरी से 10 मार्च 2026 तक मनाए जा रहे पखवाड़े के अंतर्गत बुधवार को क्षेत्रीय कार्यालय, जयपुर में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। निगम मुख्यालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने निगम के बैनर तले कार्यालय परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की और स्वच्छ कार्यस्थल बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी दिवांशु मिश्रा ने सभी के स्वस्थ रहने की कामना करते हुए कहा कि यह पखवाड़ा अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल कार्यालय ही नहीं, बल्कि घरों और सार्वजनिक स्थलों को भी पूर्णतः स्वच्छ रखना होना चाहिए।
उन्होंने जानकारी दी कि पखवाड़े के दौरान बीमितों और उनके आश्रितों के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। निर्धारित तिथियों पर औषधालयों, औद्योगिक इकाइयों तथा निगम के अस्पतालों और महाविद्यालयों में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे, जिनका लाभ बीमित सीधे प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही शाखा कार्यालयों एवं क्षेत्रीय कार्यालय, जयपुर में ‘सुविधा समागम’ और ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जहां बीमित अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।